मोदी सरकार ने शुरू कीं गरीबों के लिए कई योजनाएं : पुरंदेश्वरी

-भविष्य में भी भाजपा को जनता का मिलेगा आशीर्वाद

लखनऊ, 18 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया। वर्ष 2014 में मोदी के नेतृत्व में सरकार आने के बाद से जितनी योजनाएं बनाई गईं, वह अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित कर रही हैं। हमारी सरकार में परिवारवाद, भ्रष्टाचार नहीं है। कोई अंगुली नहीं उठा सकता। इसीलिए जनता ने आशीर्वाद दिया है। हमें भरोसा है कि भविष्य में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, मंत्री डॉ. चंद्रमोहन की मौजूदगी में डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्रियों का त्रैमासिक दौरा विभिन्न राज्यों में हो रहा है। इसी क्रम में हम उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए हैं। हमारी संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। शीर्ष नेताओं के साथ बैठक हुई है। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अब हम अयोध्या दौरे पर जाएंगे। उत्तर प्रदेश की पूरी रिपोर्ट तैयार करेंगे और इस रिपोर्ट को हम केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय के आधार पर काम कर रही है। हमारी सरकार का नारा सबका साथ सबका विकास है। 2014 में जब से मोदी सरकार आई है, तब से जितनी भी योजनाएं शुरू की गई हैं, उन्हें अगर आप देखेंगे तो वह गरीबों को ध्यान में रखकर किया गया। यह इसलिए है क्योंकि हमारी सरकार पार्टी सेवा भाव के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना की चुनौतियों को अवसर में बदला है। मोदी सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान राहत ही नहीं पहुंचाई, बल्कि उनका इलाज कराया और कोरोना वैक्सीन का निर्माण कराया। आज हम 100 से अधिक देशों को कोरोना वैक्सीन का निर्यात कर रहे हैं। एक भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। मोदी सरकार पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता है।

पुरंदेश्वरी ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले प्रदेश की स्थिति का आकलन करेंगे तो स्थितियां स्पष्ट हो जाएंगी। पहले उत्तर प्रदेश में एक बार जिसकी सरकार आती थी, दोबारा नहीं आती थी। उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार ने अच्छा काम किया। इसलिए हम दोबारा सत्ता में आए हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे हो या पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया। पहले की सरकारों में शाम को 6:00 बजे के बाद से महिलाएं बाहर निकलने से डरती थीं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाजपा को इसलिए वोट किया क्योंकि अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और वह निर्भीकता से किसी भी वक्त बाहर निकल सकती हैं। अपना काम कर सकती हैं। उत्तर प्रदेश में तेजी से इन्वेस्टमेंट आ रहा है। करीब तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने सकारात्मक माहौल खड़ा किया है। इसलिए निवेश आ रहा है। योगी सरकार ने पारदर्शी तरीके से भर्ती करके पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। जिस प्रकार से हमारी सरकार काम कर रही है और जनता का आशीर्वाद मिला है, मुझे पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता का आगे भी आशीर्वाद मिलेगा।

प्रदेश सरकार और संगठन में सामंजस्य के सवाल पर राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन में बेहतर सामंजस्य है। अच्छे से सरकार कार्य कर रही है। इसे आगे भी कैसे बरकरार रखा जाए, इसकी चिंता की गई है। नगर निगम चुनाव के दौरान नेताओं के परिवारीजनों को टिकट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की इसको लेकर नीति स्पष्ट है। उसी नीति के हिसाब से संगठन टिकट देगा और हम चुनाव जीतेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *