स्कीम फॉर स्कैम के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं केजरीवाल :आदेश गुप्ता

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार स्कैम करने के लिए स्कीम लेकर आती है। दिल्ली सरकार की शराब नीति से लेकर अन्य नीतियां सिर्फ स्कैम के लिए लाई गई हैं।

गुप्ता ने रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार से जनता ऊब चुकी है। यह सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। आप नेताओं में भाषा की मर्यादा तक नहीं है। इस पार्टी के नेताओं ने पीएम मोदी और उनकी मां के लिए अपशब्द कहे हैं। गुजरात सहित देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।

कार्यकर्ता हैं भाजपा की ताकत

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और दिल्ली से लोकसभा सांसद डॉक्टर हर्षवर्धन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक भाजपा को इस स्थान पर पहुंचाने के लिए खून-पसीना बहाया है। कार्यकर्ता हमारी पार्टी की ताकत हैं। उन्होंने सम्मेलन में आए सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को उजागर किया। रामलीला मैदान में आज पंच परमेश्वर सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसकी तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थी। पंच परमेश्वर सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शंखनाद कर विजय संकल्प की प्रेरणा दी। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित पार्टी सांसद, पदाधिकारी, विधायक और जिला स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *