Haryana National Games:राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा तीसरे स्थान पर, 38 स्वर्ण सहित जीते कुल 116 पदक

12HSPO10 राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा तीसरे स्थान पर, 38 स्वर्ण सहित जीते कुल 116 पदक

आखिरी दिन हरियाणा के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग में 4 स्वर्ण समेत 10 पदक जीते

चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों का बुधवार को समापन हो गया। आखिरी दिन खेले गए बॉक्सिंग के मुकाबलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक सहित 10 पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। इन खेलों में हरियाणा 38 स्वर्ण सहित कुल 116 पदक जीतकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। राज्य के खिलाड़ियों ने 38 स्वर्ण पदक, 38 रजत और 40 कांस्य पदक जीते हैं।

खेल विभाग के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 38 स्वर्ण पदकों में से हरियाणा ने 37 स्वर्ण पदक ओलंपिक खेलों में जीते हैं, जो किसी भी अन्य राज्य से दोगुने से भी ज्यादा हैं। पिछले तीन संस्करणों में हरियाणा के पदकों की संख्या इस बार सबसे अधिक रही है। पिछले राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा ने 107 खेलों में जीत हासिल की थी।

बुधवार को अंतिम दिन हुए बॉक्सिंग के मुकाबलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। 80 किलोग्राम भार वर्ग में विनीत, अंकित ने स्वर्ण पदक जीते। बॉक्सिंग में लड़कियां भी पीछे नहीं रही। मीनाक्षी और पूनम दोनों ने स्वर्ण पदक जीते। इनके अलावा 57 किलोग्राम भार वर्ग में सचिन ने रजत पदक, 92 किलोग्राम भार वर्ग में नवीन ने रजत पदक, 67 किलोग्राम भार वर्ग में सागर ने रजत पदक तथा जैसमीन और स्वीटी ने भी रजत पदक जीते हैं। मोहित ने कांस्य पदक हासिल किया। राज्य के खिलाड़ियों ने 38 स्वर्ण पदक, 38 रजत और 40 कांस्य पदक जीते हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार अपना उम्दा प्रदर्शन करने की कामना की। खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने भी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां के बच्चे बचपन से ही खेलकूद में आगे होते हैं। बस इन्हें सही प्लेटफॉर्म और कोच की आवश्यकता होती है, जिनकी बदौलत ऐसे खिलाड़ी ही आगे चलकर रोल मॉडल बनते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *