मुलायम सिंह यादव के निधन पर सोनिया गांधी ने जताया दुख

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख प्रकट किया है।

सोनिया गांधी ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर वह दुखी हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज आज मौन हो गई है। देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। उससे कहीं अधिक, शोषितों और वंचितों के लिए उनका संघर्ष सदैव याद किया जाएगा।

सोनिया गांधी ने कहा कि देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जब भी जरूरत पड़ी, उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उनके परिवार और समर्थकों के लिए यह अत्यंत दुःख की घड़ी है। सोनिया गांधी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं अखिलेश यादव और उनके परिजनों के साथ है।

राहुल गांधी ने भी जताया दुख

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख प्रकट किया है। राहुल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो जमीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। राहुल ने कहा कि वह अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह 8.16 गुरुग्राम के मेदांता में निधन हो गया। सिंह तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में रक्षामंत्री रहे हैं।

82 वर्षीय सिंह की तबीयत खराब होने के कारण दो अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां विशेषक्षों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *