जी-20 समिट में भारतीय संस्कृति से कराएंगे दुनिया को परिचितः मेघवाल

जबलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने शनिवार को कहा कि भारतीय संस्कृति कितनी महान है, इसकी झलक हमारी संस्कृति में दिखती है। प्रसन्नता की बात है कि जी-20 सम्मिट में भी भारत की संस्कृति के विषय का एक सत्र शामिल होगा और उसमें हम पूरी दुनिया को अपनी संस्कृति से परिचित कराएंगे। जी-20 समिट 15-16 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली में होने वाला है।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल जबलपुर में मीडिया से बातचीत करते रहे थे। दरअसल, जबलपुर में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव शनिवार से शुरू हो रहा है। मेघवाल शाम 07 बजे महोत्सव का शुभारम्भ करेंगे। इसी सिलसिले में वे दोपहर 12 बजे जबलपुर पहुंचे। उनके जबलपुर आगमन पर स्थानीय सांसद राकेश सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मेघवाल ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि आज से जबलपुर में नर्मदा महोत्सव शुरू हो रहा है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हमारी संस्कृति के विभिन्न रूप देखने मिलेंगे। लोकसभा के मुख्य सचेतक एवं जबलपुर के सांसद राकेश सिंह के आमंत्रण पर यहां नर्मदा महोत्सव के निमित्त आना हुआ है।

इस अवसर पर भाजपा के नगर महामंत्री पंकज दुबे, रत्नेश सोनकर, रजनीश यादव, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ठाकुर, महामंत्री ईशान नायक समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

जबलपुर में भेड़ाघाट स्थित संगमरमरी वादियों में आयोजित नर्मदा महोत्सव में प्रस्तुति के लिए प्रख्यात नृत्यांगना पद्म विभूषण से अलंकृत डॉ. सोनल मान सिंह भी शनिवार को जबलपुर पहुंचीं। सांसद राकेश सिंह ने जबलपुर एयरपोर्ट पर उनका आत्मीय स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *