Rajsthan-Jodhpur:राजस्थान के जोधपुर में बड़ा हादसा : गैस सिलेंडरों में आग लगने से धमाका, चार की मौत

08HNAT35 राजस्थान के जोधपुर में बड़ा हादसा : गैस सिलेंडरों में आग लगने से धमाका, चार की मौत

जोधपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के जोधपुर शहर के माता का थान इलाके में कीर्तिनगर हुडको क्वार्टर मगरा पूंजला में शनिवार दोपहर एक मकान में रखे गए गैस सिलेण्डरों में आग लग गई। बाद में इन सिलेंडरों में हुए विस्फोट से चार लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

पुलिस के अनुसार माता का थान इलाके में रामसागर के पास स्थित कीर्ति नगर के एक मकान से गैस सिलेण्डर सप्लाई का काम चलता है। दोपहर में गैस सिलेण्डरों में आग लगने पर एक के बाद एक कई धमाके हुए। आरंभिक पड़ताल में पता लगा कि तकरीबन 7-8 सिलेण्डर फटे हैं। उससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी इसकी जद में आ गए। हादसे के समय दो लोग बाथरूम में थे, जो दम घुटने से मर गए। बाकी दो की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई है।

समाचार लिखे जाने तक चार लोगों की मौत होने की आरंभिक जानकारी मिली है। इधर गंभीर और सामान्य रूप से झुलसे लोगों को तत्काल एमजी अस्पताल भेजा गया। पुलिस उपायुक्त पूर्व डा.अमृता दुहन, एसीपी राजेंद्र प्रसाद दिवाकर, मंडोर थानाधिकारी मनीष देव, माता का थान थानाधिकारी राजूराम आदि मौके पर हैं। पुलिस टीमें गहन जांच में लगी हुई हैं।

इस हादसे में सुरेश (45), विक्की (15), कोमल (13) और निकू (12) की मौत हो गई तथा नक्श पुत्र भागीरथ जोशी, निरमा पत्नी भागीरथ, शोभा पत्नी कोजाराम, सरोज पत्नी भोमाराम, हरीराम पुत्र छोगाराम, नितेश पुत्र श्यामसुंदर, कंचन पत्नी रामनिवास, राजवीर पुत्र रामनिवास, खुशी पत्नी मोती, पारसराम पुत्र बाबूलाल, दिव्यांशु पुत्र जितेंद्र, निरमा पुत्री भोमाराम, अशोक जोशी पुत्र मुकाराम, अनराज जोशी पुत्र पांडूलाल, सूरज पत्नी पारस, भोमाराम पुत्र गोरखराम घायल हैं।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस के आलाधिकारी मौके पर मौजूद थे। मकान से गैस सिलेण्डरों की सप्लाई का काम होता था। यह अवैध रूप से संचालित हो रहा था या वैध था, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

हादसे के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जोधपुर में मगरा पूंजला एरिया के कीर्ति नगर में गैस सिलेंडर फटने से चार लोगों की मृत्यु एवं कई लोगों के घायल होने की जानकारी बेहद दुखद है। स्थानीय प्रशासन से पूरी घटना की जानकारी ली है एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *