नवनिर्मित असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुआ झंडोत्तोलन

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने वरिष्ठ नेताओं के पांव धोकर लिया आशीर्वाद

गुवाहाटी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। लंबे समय तक किराए के घर से संचालित होने के बाद गुवाहाटी के वशिष्ठ स्थित प्रदेश भाजपा का भव्य मुख्यालय बनकर तैयार हो गया है। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।

शनिवार सुबह नवनिर्मित मुख्यालय परिसर में सुबह पार्टी का झंडा प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने फहराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पूर्व पूर्वोत्तर के पार्टी प्रभारी अजय जामवाल के साथ शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद नये मुख्यालय में भाजपा और जनसंघ के समय के वरिष्ठ नेताओं का मान-सम्मान किया गया। सभी वरिष्ठ नेताओं का मुख्यमंत्री डॉ. सरमा, केंद्रीय मंत्री सोनोवाल, प्रदेश अध्यक्ष कलिता ने पांव धोकर, गमछा पहनाने के साथ ही एक मोमेंटो देकर सम्मानित करते हुए उनका आशीर्वाद लिया। सम्मान पाकर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भाव विभोर हो उठे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के लिए अपने युवा काल के दौरान किए गये कार्यों को याद करते हुए प्रन्नता व्यक्त की।

जेपी नड्डा और अमित शाह पार्टी मुख्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा खेल मैदान में लगभग 45 हजार कार्यकर्ताओं की एक रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *