Nepal:नेपाल : बरसात से भूस्खलन, दर्जन भर राजमार्ग पर आवागमन ठप

06HNAT51 नेपाल : बरसात से भूस्खलन, दर्जन भर राजमार्ग पर आवागमन ठप

महराजगंज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल में दो दिन से लगातार हो रही बरसात से पहाड़ों पर भूस्खलन हो रहा है। इससे दर्जनों राजमार्ग और लगभग इतने ही अन्य मार्गों पर मलबा इकट्ठा हो गया है। मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। आवागमन पूर्ण रूप से बंद है।

स्यांगजा जिला पुलिस के प्रवक्ता रविंद्र खनाल के अनुसार गलांग क्षेत्र का आठझोलपे मार्ग गुरुवार की सुबह से ही अवरुद्ध है। भूस्खलन के कारण नारायणगढ़ से मुगलिग मार्ग होते हुए मकवानपुर को जाने वाले त्रिभुवन राजपथ को क्रास कराने वाली वांगझोर नदी उफान पर है। इससे हथोड़ा, पालुम होकर काठमांडू जाने वाले मार्ग से जुड़े भीमफेडी, बूलेखानी, ललितपुर की तकरचे में भूस्खलन हुआ है। इससे कांति लोकपथ पूरी तरह आवागमन अवरुद्ध है।

बेनी जोम्सम रोड के सुपरवाइजर (भूस्खलन का मलबा हटवाने वाला कर्मचारी) इंद्रसिंह शेरचंद ने बताया कि मायागुडी में बेनी, तोतापानी भीर, जलाथले, गूथेभीर, रूपसे झरना और कावरेवीर में सड़क जाम है। बेनी मास्टर और उत्तरी म्यागाड़ी की ओर जाने वाले वाहनों को बेनी में ही रोका गया है। बेनी से मांगघुगा होकर पोखरा मार के बीच में भी कई जगह भूस्खलन होने से आवागमन बाधित है। कुछ मार्गों को परिवर्तित किया गया है। उन्होंने बताया कि बेनी से भाकुडे, बेनी से परवापानी, बेनी से दरवांग, बेनी से पुलाचौर जाने वाले मार्ग भी भूस्खलन के मलबे से अवरुद्ध हैं। इससे नेपाल के दक्षिणी तरफ के दर्जनों जिलों के लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *