BJP :खानापाड़ा में शनिवार को प्रदेश भाजपा की रैली में शामिल होंगे 45 हजार कार्यकर्ता

06HREG332 खानापाड़ा में शनिवार को प्रदेश भाजपा की रैली में शामिल होंगे 45 हजार कार्यकर्ता

-जेपी नड्डा और अमित शाह नवनिर्मित प्रदेश भाजपा कार्यालय का 8 अक्टूबर को करेंगे उद्घाटन

गुवाहाटी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का आगामी शनिवार, 8 अक्टूबर को “कार्यकर्ता सम्मेलन” के साथ-साथ नवनिर्मित प्रदेश भाजपा कार्यालय के उद्घाटन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को हेंगराबाड़ी स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अन्य राष्ट्रीय नेता, असम सरकार के मंत्री, पार्टी विधायक, सांसद, राज्य और जिला पदाधिकारी 8 अक्टूबर को दोनों ही कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद खानापारा पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में असम प्रदेश भाजपा के 45 हजार से अधिक पदाधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन में प्रदेश भाजपा के 40 संगठनात्मक जिलों के बूथ अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश भाजपा की दोनों बैठकों को सफल बनाने के लिए कलिता ने राज्यवासियों का समर्थन मांगा है। आज के संवाददाता सम्मेलन में कलिता ने भाजपा की केंद्रीय समिति द्वारा घोषित राज्य की कोर कमेटी, प्रदेश चुनाव समिति, प्रदेश वित्तीय समिति के सदस्यों के साथ समिति में शामिल सभी गणमान्य व्यक्तियों को धन्यवाद दिया।

साथ ही प्रदेश अध्यक्ष कलिता ने माजुली की प्रतिभावान युवा गायिका तेजस्विता बरुवा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह प्रतिभाशाली युवा गायिका के निधन से बेहद दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करने के साथ ही मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *