Uttarkash:(अपडेट) उत्तरकाशी हिमस्खलन हादसा: 04 लोगों की मौत,15 को किया गया रेस्क्यू, 27 प्रशिक्षक लापता

05HNAT51 (अपडेट) उत्तरकाशी हिमस्खलन हादसा: 04 लोगों की मौत,15 को किया गया रेस्क्यू, 27 प्रशिक्षक लापता

उत्तरकाशी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला स्थित द्रोपदी का डांडा-2 पर्वत चोटी ग्लेशियर में मंगलवार को हिमस्खलन की चपेट में आए निम के 15 पर्वतारोहियों-प्रशिक्षुओं काे रेस्क्यू किया गया जबकि अब तक चार के शव बरामद हुए हैं। इन मृतकों में माउंट एवरेस्ट विजेता सविता कंसवाल की पहचान हो गयी है। हालांकि तीन अन्य की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अभी 27 प्रशिक्षक लापता बताए गए हैं। अध्यक्ष, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/डीएम अभिषेक रुहेला ने इसकी पुष्टि की है। बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री उत्तरकाशी पहुंचे और घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण कर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया।

निम के रजिस्ट्रार विशाल रंजन ने बताया कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी के एडवांस कोर्स नंबर 172 के द्रोपदी के डांडा 2 पर्वत ऊंचाई 5670 मीटर के समिट/आरोहण के दौरान वापस आते समय लगभग 17 हजार फिट की ऊंचाई के आस-पास हिमस्खलन आने के कारण फंसे पर्वतारोही प्रशिक्षणार्थी, प्रशिक्षक का एयर फोर्स आदि हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। उक्त घटना में अब तक 15 लोगों को मातली लाया गया है। इसमें 5 घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है जबकि 10 लोग पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में कुल प्रशिक्षक/ प्रशिक्षणार्थी 61 थे। इसमें 54 प्रशिक्षणार्थी एवं 7 प्रशिक्षक थे। द्रोपदी का डांडा प्रशिक्षण में कुल 41 प्रशिक्षक / प्रशिक्षणार्थियों थे। इसमें 34 प्रशिक्षणार्थीएवं 7 प्रशिक्षक थे। जिसमें 25 प्रशिक्षणार्थी और 5 प्रशिक्षक सहित कुल 30 सकुशल हैं। जबकि 27 प्रशिक्षक लापता हैं। वर्तमान तक 04 लोगों की मृत्यु हुई है।

अध्यक्ष आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/डीएम अभिषेक रुहेला ने बताया कि रेस्क्यू कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हर सेक्टर पर जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। जिला अस्पताल में सभी संसाधन,उपकरण क्रियाशील रखे गए हैं। सीएमओ डॉ केएस चौहान के नेतृत्व में डॉक्टर्स तैनात किए गए है जो लगातार घायलों का उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण कर रहें है। आपदा कंट्रोल रूम से नियमित समन्वय स्थापित किया जा रहा है। वायु सेना, प्राइवेट हेलीकॉप्टर, आईटीबीपी, सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, निम के प्रशिक्षक द्वारा राहत एवं बचाव का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

आज दोपहर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी पहुंचे और घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण कर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व आईटीबीपी गेस्ट हाउस मातली में अधिकारियों की बैठक लेते हुए घटना स्थल एवं घायल पर्वतारोहियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के साथ हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने द्रोपदी का डांडा 2 पर्वत में घटित घटना के प्रत्यक्षदर्शी प्रशिक्षक आकाश सराफ निवासी महाराष्ट्र का हालचाल जाना और उनसे घटनास्थल की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ ही घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम अभिषेक रुहेला,एसपी अपर्ण यदुवंशी,क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश चौहान,गंगा विचार मंच के प्रदेश संयोजक लोकेंद्र बिष्ट,कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत,मीडिया प्रभारी भाजपा विजयपाल मखलोगा सहित एसडीएम चतर सिंह चौहान, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *