PR Sreejesh:वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुने जाने पर पीआर श्रीजेश और सविता पुनिया ने प्रशंसकों का जताया आभार

05HSPO2 वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुने जाने पर पीआर श्रीजेश और सविता पुनिया ने प्रशंसकों का जताया आभार

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। अनुभवी भारतीय हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और सविता पुनिया ने टोक्यो ओलंपिक और एफआईएच हॉकी प्रो लीग जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एफआईएच स्टार अवार्ड्स 2021-2022 में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर पुरस्कार से सम्मानित होने पर प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया है।

वोट देने वाले प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए श्रीजेश ने कहा, “इसमें कोई शक नहीं, यह एक विशेष पुरस्कार है क्योंकि हॉकी के प्रशंसक हमें वोट दे रहे हैं। यह मेरे लिए एक बड़ा सम्मान है और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। हॉकी इंडिया, युवा मामले और खेल मंत्रालय, साई और ओडिशा सरकार को समर्थन देने के लिए धन्यवाद।”

श्रीजेश वर्तमान में एफआईएच हॉकी प्रो लीग की तैयारी कर रहे कोर प्रोबेबल ग्रुप में अपने साथियों के साथ साई सेंटर, बेंगलुरु में हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार हमेशा उत्कृष्टता के लिए प्रेरणा होते हैं। उन्होंने कहा, “पुरस्कार जीतना, चाहे आप अपने करियर के किसी भी चरण में हों, हमेशा एक प्रेरक कारक होता है। यह पुरस्कार निश्चित रूप से मुझे और अधिक सुधार करने और एक महत्वपूर्ण वर्ष में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है, जहां हम एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप में खेलेंगे।”

2023 हॉकी विश्व कप 13 जनवरी से शुरू होगा और 29 जनवरी तक चलेगा, जिसमें चार टीमों के चार पूल चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे। भारत को पूल डी में स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है। वही, सविता ने पुरस्कार जीतने पर कहा, “यह निश्चित रूप से एक बड़ा आश्चर्य और बहुत सुखद है। मुझे यकीन है कि कई भारतीय हॉकी प्रशंसकों ने हमें वोट दिया है और मैं उन सभी धन्यवाद देती हूं।”

भारतीय महिला हॉकी कप्तान, जो वर्तमान में गुजरात के राजकोट में है, अपने गृह राज्य हरियाणा के लिए राष्ट्रीय खेलों में भाग ले रही है, ने कहा, “यह बहुत अच्छा है कि हमारी टीम की मुमताज खान ने राइजिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता है। मुझे यकीन है कि इस तरह के पुरस्कार अधिक महिलाओं को इस खेल को अपनाने और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।”

गुजरात राज्य में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो रहा है। यह 29 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा। देश भर के लगभग 15,000 खिलाड़ी, कोच और अधिकारी इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *