JP Nadda:दशकों बाद दिल्ली से हिमाचल को देखने का नजारा बदला: जेपी नड्डा

05HNAT40 दशकों बाद दिल्ली से हिमाचल को देखने का नजारा बदला: जेपी नड्डा

बिलासपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को बिलासपुर में कहा कि विजयदशमी के अवसर पर हिमाचल के एम्स का शुभारंभ एक बेशकीमती सौगात है और इसे देने के लिए खुद प्रधानमंत्री आए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इसमें देखा है कि दिल्ली, हिमाचल को अतीत में कैसे देखता रहा है। चार दशक तक कुछ भी यहां देखने को नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि बिलासपुर हमेशा देने वाला ही रहा है। हम कई बार उजड़े हैं। भाखड़ा बांध में, रेलवे परियोजना में, बरमाणा सीमेंट फैक्ट्री में और अब फोरलेन में बिलासपुर उजड़ा है। नड्डा ने कहा कि मोदी प्रधानमंत्री के नाते ही हिमाचल की चिंता नहीं करते बल्कि हिमाचल का प्रभारी रहते हुए भी उन्होंने अटल टनल का शिलान्यास और कोलडैम का काम शुरू करवाया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 5 साल पहले 3 अक्टूबर 2017 को इसी मैदान से मोदी ने एम्स का शिलान्यास किया था। अब 5 अक्टूबर को उसका उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह कांग्रेस की सरकारों के समय देखने को नहीं मिलता है। नड्डा ने कहा कि हिमाचल के विकास की हर घटना के साथ मोदी का संबंध रहता है। चाहे वह छोटी हो या बड़ी हो।

उन्होंने कहा कि सिरमौर के हाटी समुदाय को बरसों बाद जनजाति का दर्जा भी मोदी ने दिलाया है। नड्डा ने कहा केंद्र की कैबिनेट में हिमाचल से मंत्री देखने को नहीं मिलता था लेकिन मोदी ने इसे भी पूरा किया है। हिमाचल से एक छोटे से राज्य का आज भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी चुन कर आया है। हिमाचल की जनता हमेशा याद रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *