GUWAHATI:गुवाहाटी: ब्रह्मपुत्र नद के किनारे सुबह से दुर्गा प्रतिमाओं का हो रहा विसर्जन

05HREG128 गुवाहाटी: ब्रह्मपुत्र नद के किनारे सुबह से दुर्गा प्रतिमाओं का हो रहा विसर्जन

गुवाहाटी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि की दशमी के दिन बुधवार सुबह से मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम आरंभ हुआ है। असम में पिछले चार दिनों तक दुर्गा पूजा का आयोजन पूरे भक्ति-भाव के साथ आयोजित किया गया। दशमी के दिन प्रतिमाओं को पूरे विधि-विधान के साथ ब्रह्मपुत्र नद समेत अन्य नदियों एवं जलाशयों के किनारे विसर्जन किया जा रहा है।

गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नद समेत कुल छह स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की गयी है। जिसमें मुख्य रूप से काछोमारी घाट और पांडू घाट प्रमुख हैं। अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन इन्हीं दोनों घाटों पर किया जा रहा है। कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन की ओर से ब्रह्मपुत्र नद के घाटों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए काफी पहले ही सभी तरह की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं।

नद के किनारे एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नदी पुलिस के साथ ही स्वयंसेवी संगठनों तथा गुवाहाटी नगर निगम के कर्मी प्रतिमा विसर्जन के कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर आवश्यक प्रकाश एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। प्रतिमा विसर्जन देर रात तक होने की जानकारी मिली है।

कामरूप (मेट्रो) जिलाधिकारी पल्लव गोपाल झा स्वयं घाटों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। ज्ञात हो कि पांडू घाट पर कुछ प्रतिमाओं का विसर्जन आगामी गुरुवार को भी किया जाएगा। प्रतिमा विसर्जन को देखने लिए बड़ी संख्या में लोग घाटों पर पहुंचे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि पंडालों से प्रतिमाओं को ले जाने से पहले परंपरागत रूप से सिंदूर खेला का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लेते हुए माता रानी को सिंदूर चढ़ाने के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *