Anurag Thakur :मोदी ने सभी के हितों का ध्यान रखा: अनुराग ठाकुर

05HNAT39 मोदी ने सभी के हितों का ध्यान रखा: अनुराग ठाकुर

बिलासपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को बिलासपुर में मोदी की जनसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर समुदाय का ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर वर्ग की चिंता की है और उसकी समस्या का निवारण किया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज विजयदशमी के अवसर पर हिमाचल को 1470 करोड़ की लागत से बने एम्स का लोकार्पण हुआ है। इसके साथ हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज की भी सौगात बिलासपुर में मोदी ने दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने देश में 12 करोड़ शौचालय बनाए हैं जबकि तीन करोड़ मकान लोगों को फ्री में दिए हैं। 45 करोड़ जनधन खाते लोगों के खोले गए हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी ने हिमाचल में आईआईटी, आईआईएम, केंद्रीय विश्वविद्यालय व मेडिकल कॉलेज से लेकर हर चीज दी है। यह तभी संभव हो पाया है जब केंद्र व हिमाचल में भाजपा की सरकार है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नंगल तलवाड़ा और भानूपुली बिलासपुर रेलवे लाइन के काम में तेज गति मोदी के कारण ही आई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हर कोने में फोरलेन का काम चल रहा है। इसके अतिरिक्त वन रैंक वन पेंशन का सपना भी 40 साल बाद मोदी ने ही पूरा किया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज रक्षा के क्षेत्र में मोदी ने भारत को आत्मनिर्भर बना दिया है। मोदी ने कोरोना संकट के समय देश का ही नहीं बल्कि दुनिया को भी एक नया संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मोदी ने उपलब्ध कराया है। इसके अतिरिक्त पीएम किसान सम्मान योजना के माध्यम से किसानों का भी ख्याल रखा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि सीरिया, लीबिया और अफगानिस्तान के संकट के समय से लोगों को सुरक्षित निकाल कर मोदी बाहर लाए हैं। अब प्रधानमंत्री गुलामी की मानसिकता को समाप्त करने में लगे हैं। इसके अतिरिक्त खेलों में भी भारत का तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने कहा जो 60 साल में नहीं हुआ वह मोदी ने 8 साल में करके दिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *