Encounter:गढ़चिरौली : पुलिस मुठभेड़ में महिला नक्सली ढेर

30HNAT49 गढ़चिरौली : पुलिस मुठभेड़ में महिला नक्सली ढेर

वारदात के 36 घंटे बाद बरामद हुई लाश

गढ़चिरौली, 30 सितंबर (हि.स.)। गढ़चिरौली जिले के आहेरी तहसील क्षेत्रान्तर्गत स्थित राजाराम (खा.) क्षेत्र के कापेवांचा वन परिक्षेत्र में शुक्रवार को एक नक्सली महिला का शव बरामद हुआ। इस इलाके मे 28 सितंबर को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उसके बाद पुलिस द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान यह शव मिला।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार अहेरी दलम और पर्मिली दलम के करीब 40 नक्सली हमले को अंजाम देने की नीयत से 28 सितंबर को कापवांचा वन क्षेत्र में इकठ्ठा हुए थे। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही गढ़चिरौली पुलिस के विशेष अभियान दल सी-60 दस्ते के जवानों ने तुरंत जंगल की ओर रुख किया। इस दौरान शाम सात से आठ बजे के बीच जंगल में छिपे नक्सलियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने नक्सलियों से सरेंडर करने की अपील की लेकिन नक्सलियों की ओर से फायरिंग जारी रही। उसके बाद पुलिस ने भी करारा जवाब दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सली घने जंगल में अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान शुक्रवार को नक्सली महिला का शव बरामद हुआ। हरे रंग की यूनिफॉर्म पहने इस महिला नक्सली के शव के पास से नक्सली सामग्री और 8 एमएम की राइफल बरामद हुई है। बहरहाल पुलिस इस महिला नक्सली की शिनाख्त में जुटी है।

इस क्षेत्र में अक्टूबर 2020 से अब तक विभिन्न मुठभेड़ों में कुल 55 नक्सली मारे गए हैं जबकि 46 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 19 ने आत्मसमर्पण किया है। इस क्षेत्र में 28 सितंबर को पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) सोमय मुंडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) समीर शेख और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अहेरी) अनुज तारे के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। सी-60 कमांडो के इस वीरतापूर्ण प्रदर्शन की पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *