सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पहुंचे गहलोत

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में राजनैतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास 10 जनपथ पहुंचे हैं।

हालांकि उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की लेकिन कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि गहलोत से राज्य के राजनैतिक हालात को लेकर चर्चा के लिए सोनिया गांधी ने उन्हें तलब किया है।

राजनैतिक घमासान के पहले तक माना जा रहा था कि अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार हैं लेकिन अभी तक गहलोत के नामांकन की कोई सूचना नहीं है। जबकि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि अशोक गहलोत दिल्ली पहुंचने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा था कि राजस्थान कांग्रेस को लेकर मीडिया में जो कुछ चल रहा है वह छोटी-मोटी घटनाएं हैं। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अनुशासन में हम सभी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा था कि पूरे देश में अगर नेशनल पार्टी कोई है तो एकमात्र कांग्रेस पार्टी है और उसकी नेता सोनिया गांधी हैं। सोनिया के डिसिप्लिन में पूरे देश की कांग्रेस है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *