केजरीवाल सरकार का विकास मॉडल छलावा : कांग्रेस

नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का विकास मॉडल सिर्फ छलावा और दिखावा है। इस सरकार ने राज्य की जनता से छल किया है और दिल्ली को विकास की रफ्तार में पीछे कर दिया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य नेता जिस शिक्षा मॉडल की दुहाई देते हैं वह भी पूरी तरह हवा-हवाई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने केजरीवाल से बेहतर शिक्षा, अवसंरचना और स्वास्थ्य आदि क्षेत्र में काम किया था। दिल्ली की ‘आप’ सरकार शीला दीक्षित सरकार के 15 साल के दौरान प्राप्त उपलब्धियों को आगे बढ़ाने में असफल रही है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दावा किया था कि बीते वर्षों में दिल्ली सरकार ने 10 लाख से अधिक नौकरियां दी हैं लेकिन सूचना का अधिकार (आरटीआई) से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली सरकार सिर्फ 440 लोगों को सरकारी नौकरी दे पाई है।

दीक्षित ने कहा कि केजरीवाल ने दावा किया था कि वह सरकार में आने के बाद 500 नए स्कूल खोलेंगे लेकिन यह वादा भी वह पूरा नहीं कर सके। जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में 140 नए स्कूल खोले गए थे और दिल्ली के सरकारी स्कूलों में अभी से अधिक बच्चे पढ़ते थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 20 हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं। यहां अधिकतर स्कूलों में प्रधानाध्यापक नहीं है। लेकिन आप नेता दिल्ली की शिक्षा मॉडल की दुहाई देते नहीं थकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *