मुंबई में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित

मुंबई, 13 सितंबर (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कांदिवली पोईसर नदी उफान पर है। बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी चार -पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन ने मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील की है।

मुंबई महानगर और आसपास के उपनगरों में सोमवार से ही तेज बारिश हो रही है। आज सुबह बारिश ने कई जगह कहर बरपाया है। कांदिवली पोइसर नदी का पानी घरों में घुस जाने से जरूरी सामान नष्ट हो गया है। अंधेरी और कांदिवली के साथ ही गोरेगांव, दहिसर, मलाड, बोरीवली, विलेपार्ले, बांद्रा में भी बारिश का असर है। मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव से महानगर की रफ्तार प्रभावित हो गई है।

अंधेरी मेट्रो क्षेत्र में पानी भर गया है। साकीनाका क्षेत्र में भी ऐसे ही हालात हैं। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 और 16 सितंबर को मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में तेज बारिश होगी। मुंबई के कुछ सब-वे सुरक्षा कारणों से बंद कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *