केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने घोषित किए अगस्त के ‘वॉटर हीरोज कंटेस्ट’ के विजेता

 देश के छह लोगों को दिए जाएंगे यह पुरस्कार, बांदा के डीएम अनुराग पटेल भी होंगे सम्मानित

नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। आजादी के अमृत महोत्सव काल में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने अगस्त 2022 के ‘वॉटर हीरोज र शेयर यूअस्टोरीज कंटेस्ट’ विजेताओं के नाम घोषित कर दिए। यह पुरस्कार देश के छह लोगों को दिए जाएंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के बांदा के जिला अधिकारी अनुराग पटेल भी हैं।

मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक जल संरक्षण और जल संसाधनों के सतत विकास सम्बंधी देशव्यापी प्रयासों के समर्थन के लिए इन विजेताओं के नामों की घोषणा की गई है। इनको 10,000 रुपये नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जाएगा। इस कंटेस्ट का आयोजन हर माह होता है।

विजेताओं में मेरठ (उत्तर प्रदेश) के दिव्यांश पटेल, गोवा के विनय विश्वनाथ गावस, जालौन जिला (उत्तर प्रदेश) के अमित, छतरपुर (मध्य प्रदेश) की बबीता राजपूत घुवारा और बांदा के जिला अधिकारी अनुराग पटेल और मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास ब्लॉक के पिपरोधा गांव की स्नेहलता शर्मा हैं।

विजेताओं में दिव्यांश टंडन पानी पंचायत अभियान से जुड़े हैं। विनय गावस घरों की छतों पर वर्षा जल संरक्षण पर काम करते हैं। अमित मलकपुरा के ग्राम प्रधान हैं। वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में पोषक भोजन उपलब्ध कराने, पौधरोपण, पर्यावरण सुरक्षा और तलछट की सफाई के जरिए जल शोधन जैसी विभिन्न विकास गतिविधियों से जुड़े हैं।

बबीता घुवारा चार छोटे बांधों और दो जल निकासियों के निर्माण कार्य से जुड़ी रही हैं। बोरी बांधों के निर्माण में इनकी खास उपलब्धि है। आईएएस अनुराग पटेल ने बांदा में दो महत्वपूर्ण अभियान चलाए हैं। ‘जल संचय, जीवन संचय’ और ‘जल कुंभी हटाओ-तालाब बचाओ अभियान।’ इसके अलावा चंद्रावल नदी को दोबारा जीवित करने के प्रयासों में हिस्सा लिया है। स्नेहलता शर्मा एक वर्ष से जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *