भारत जोड़ो यात्रा से उत्साहित हैं लोग : कांग्रेस

नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से लोग तेजी से जुड़ रहे हैं। इस यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयराम रमेश ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुबह के चरण में करीब 5000 लोग रहते हैं, दोपहर व शाम के चरण में 25000 से 30000 तक लोग आते हैं।

रमेश ने कहा कि इस यात्रा से आम लोग तो जुड़ ही रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। यह यात्रा पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हर दिन 25 किलो मीटर चलना चाहते हैं। आने वाले दिनों में यात्रा को और तेज किया जाएगा। अभी यात्री 18-19 किलोमीटर के आस-पास हर दिन चल रहे हैं।

रमेश ने कहा कि जहां एक ओर भारत जोड़ो यात्रा से जनता और कांग्रेस में उत्साह है वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता इस यात्रा को लेकर चिंतित और डरे हुए हैं। वह लगातार टीशर्ट और कंटेनर पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह बीजेपी नेताओं के बयान आ रहे हैं वह झूठे व बेबुनियाद हैं।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों भाजपा ने भारत जोड़ो यात्रा को भारत तोड़ो यात्रा करार दिया था। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी और विवादित कैथोलिक पादरी जॉर्ज पोन्नैया की मुलाकात और उस दौरान हुए बातचीत पर सवाल उठाए थे। भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्वीटर से राहुल गांधी की महंगी टीशर्ट पर भी सवाल उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *