केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जोधपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत

जोधपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार दोपहर को जैसलमेर से जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। शहर के कई मार्गों से होकर उनका काफिला निकला। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस काफिले में शाह का अलग-अलग स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत उनके साथ पूरे समय मौजूद रहे।

अमित शाह का काफिला एयरपोर्ट से सीधे होटल लेक व्यू पहुंचा। यहां वह ओबीसी मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में वे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। इस बैठक में शाह समेत प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह व अर्जुनराम मेघवाल, वसुंधरा राजे समेत कई पदाधिकारी व नेता मौजूद हैं। शाह के होटल लेक व्यू पहुंचने पर कार्यकर्ताओं की ओर से तिलक लगा स्वागत किया गया। इस अवसर पर ओबीसी राष्ट्र्रीय कार्यसमिति के कई लोग और पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि गृहमंत्री अमित शाह इससे पहले शुक्रवार रात को जैसलमेर गए थे। शनिवार की सुबह तनोट माता के दर्शन करने के बाद वे जोधपुर पहुंचे। जोधपुर में भाजपा के राष्ट्र्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक में संबोधन के साथ ही बूथ अध्यक्षों में मिशन 2023 का जोश फूकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *