पूरे असम में मनाया जा रहा भारत रत्न डॉ भूपेन हजारिका का 96वां जन्म दिन

गुवाहाटी, 08 सितम्बर (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी समेत पूरे राज्य में गुरुवार को सुधाकंठ भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका का 96वां जन्मदिन मनाया जा रहा है।

डॉ. हजारिका के जन्मदिन के अवसर पर पूरे राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राज्य सरकार ने जालुकबारी स्थित समाधि स्थल में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका का जन्मदिन मनाने के लिए एक भव्य आयोजन किया है।

भूपेन हजारिका सांस्कृतिक ट्रस्ट और कलाक्षेत्र समाज द्वारा भूपेनदा का जन्मदिन शहर के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में समन्वय दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से आरंभ हुआ।

असम सरकार ने भूपेनदा के जन्मदिन के मौके पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया है। यह कार्यक्रम दोपहर डेढ़ बजे से जालुकबाड़ी स्थित सुधाकंठ के समाधि स्थल पर आरंभ हुआ।

इस बीच, ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) द्वारा गुवाहाटी के दिघालीपुखुरी के किनारे भूपेनदा का जन्मदिन मनाया जा रहा है। आज राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी भूपेनदा के जन्मदिन को पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।