Brijendra Pratap Singh:सिद्धा समेत किसी धार्मिक स्थल से जुड़े पहाड़ में नहीं होगा खनन- बृजेन्द्र प्रताप सिंह

-मध्य प्रदेश के खनिज मंत्री ने धर्मनगरी चित्रकूट पहुंच किये भगवान कामतनाथ के दर्शन

चित्रकूट,05 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे एमपी के खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे। भगवान कामतानाथ दरबार में उन्होंने माथा टेका और दर्शन किया। इसके बाद कामदगिरि परिक्रमा लगाई। कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल से जुड़े पहाड़ में खनन नहीं होने दिया जाएगा।

मध्य प्रदेश के खनिज मंत्री ने चित्रकूट पहुंचने के बाद भगवान कामदनाथ पूर्वी प्राचीन मुखारविंद मंदिर में दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने भगवान की आरती करने के बाद कामदगिरि परिक्रमा लगाई। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। तीर्थ क्षेत्र के सिद्धा पहाड़ में खनन को लेकर गर्माए माहौल पर कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल से जुड़े पहाड़ पर खनन नही किया जाएगा।

सिद्धा पहाड़ मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही ट्वीट कर सब कुछ स्पष्ट कर दिया है। लेकिन विपक्षी केवल इसे अनावश्यक तूल देने का काम कर रहे है। भाजपा सरकार तीर्थ स्थलों का विकास कर रही है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। कहा कि सिद्धा पहाड़ के आसपास स्थित वन क्षेत्र में टाइगर की चहल कदमी वाले इलाके को टाइगर सेंचुरी बनाने का प्रयास चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्यावरण विभाग की मंजूरी के साथ ही केंद्र सरकार की अनुमति के अलावा अन्य कई औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं। इसके बाद ही सेंचुरी बनाई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *