Sharad Pawar : साइरस मिस्त्री की मौत, देश में निवेशकों के लिए गहरा झटका : शरद पवार

मुंबई, 04 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में हुई मौत इस देश में निवेश करने वाले परिवारों के लिए एक बड़ा झटका है। मिस्त्री परिवार का देश में ज्यादा निवेश था लेकिन उन्होंने इसे कभी बाहर नहीं कहा। सद्भाव, नम्रता उनके परिवार की विशेषता थी। साइरस मिस्त्री इस परिवार को आगे ले जाने में सक्षम थे। यह बहुत ही चौंकाने वाली खबर है कि आज उनका एक्सीडेंट हो गया। यह मिस्त्री परिवार के लिए सदमे की तरह है।

शरद पवार ने पुणे में मीडिया को बताया कि पारसी समुदाय के कई लोग थे, जिन्होंने इस देश के आर्थिक विकास में बहुत अच्छा काम किया। इनमें से एक परिवार की नीति अधिक काम और कम प्रचार की थी। वह परिवार मिस्त्री परिवार है। उन्होंने कहा कि साइरस मिस्त्री मेरे बाद की पीढ़ी के प्रतिनिधि थे। मिस्त्री के मेरी बेटी सुप्रिया और दामाद सदानंद से घनिष्ठ संबंध थे। पवार ने यह भी उल्लेख किया कि आज जिस तरह से साइरस मिस्त्री का निधन हुआ, उससे सभी दुखी है ।

साइरस मिस्त्री का जन्म मुंबई के एक पारसी परिवार में हुआ था। उनके पिता पालनजी मिस्त्री एक प्रसिद्ध उद्योगपति थे। साइरस मिस्त्री ने लंदन बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की थी। साइरस मिस्त्री उस समय सुर्खियों में आए जब वे वर्ष 2006 में टाटा समूह के सदस्य बने। बाद में 2013 में वे टाटा समूह के अध्यक्ष भी बने, लेकिन उन्हें अचानक अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। वर्तमान में वह शापूरजी पालनजी समूह के प्रबंध निदेशक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *