Draupadi Murmu :राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 सितंबर को शांतिवन में ब्रह्माकुमारीज के ग्लोबल समिट का उद्घाटन करेंगी

सिरोही, 02 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में 11 सितंबर से शुरू हो रही ग्लोबल समिट का उद्घाटन करने पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूरा जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।

राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय आबू रोड शांतिवन में पहली बार आ रही हैं। वे 11 सितंबर को शांतिवन में शुरू हो रहे ग्लोबल समिट का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद दोपहर में माउंट आबू स्थित ज्ञान सरोवर अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे को लेकर शांतिवन में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

जिला प्रशासन भी सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को एडिशनल कलेक्टर कालूराम खौर, एसपी ममता गुप्ता, सीओ सुमंगला, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों ने शांतिवन में व्यवस्था को परखा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।

एडिशनल कलेक्टर कालूराम खौर ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, एसडीएम, तहसीलदार को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा जाए। उन्होंने पूरे अमले के साथ कार्यक्रम स्थल डॉयमंड हॉल जहां राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा वहां मौके पर पहुंच सुरक्षा और बैठक व्यवस्था को लेकर संस्थान के कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय से जानकारी ली।

एसपी ममता गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी-जवान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहें। हर गतिविधि पर नजर रखी जाए। उन्होंने आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक तौर पर सुरक्षा के लिए पाइंट भी चिह्नित किए। साथ ही जहां राष्ट्रपति भोजन करेंगे और जहां रुकेंगे वहां जाकर कमरों में सुरक्षा को परखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *