भारत के राष्‍ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा में रजत पदक जीतने पर टीम को बधाई दी

नई दिल्ली,3 अगस्त :राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा में रजत पदक जीतने पर बैडमिंटन टीम को बधाई दी है। एक ट्वीट में राष्‍ट्रपति ने कहा कि बैडमिंटन टीम ने उत्‍कृष्‍ट कौशल, टीम वर्क और जुझारुपन का प्रदर्शन किया। उन्‍होंने सभी खिलाडियों की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने किदाम्‍बी श्रीकांत, सात्विक साइराज रेंकीरेड्डी, लक्ष्‍यसेन, चीराग शेट्टी, ट्रीसा जॉली, आकर्षी कश्‍यप, अश्विनी पोनप्‍पा, गायत्री गोपीचंद और पी.वी. सिंधु की भारतीय टीम को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि वे इन खिलाडियों की उपलब्धि से गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रमंडल खेलों में रजक पदक प्राप्‍त होने से देश में बैडमिंटन और लोकप्रिय होगा और आने वाले समय में अधिक लोग इस खेल को अपनाएंगे।

युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने के लिए भारतीय बैडमिंटन मिक्‍स्‍ड टीम के प्रदर्शन की सराहना की। एक ट्वीट में उन्‍होंने चिराग शेट्टी, सात्विक साईराज और पी वी सिंधु की प्रशंसा की। उन्‍होंने कहा कि किदाम्‍बी श्रीकांत का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। उन्‍होंने ट्रीसा जॉली और गायत्री पुलेला की भी सराहना की।