Sanket Sargar:राष्ट्रमंडल खेल 2022 : संकेत ने अपना पदक भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों को किया समर्पित

बर्मिंघम, 30 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत को पहला पदक दिलाने वाले भारोत्तोलक संकेत सरगर ने अपना पदक भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित किया है।

संकेत ने 55 किलो भार वर्ग में देश के लिए रजत पदक जीता। पदक जीतने के बाद संकेत ने कहा, “मैं अपना रजत पदक हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित करता हूं, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।”

तीन बार के राष्ट्रीय चैंपियन और पिछले साल दिसंबर में राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता, भारोत्तोलक संकेत सरगर ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुषों की 55 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीता। वह केवल 1 किलो से स्वर्ण पदक से चूक गए।

संकेत ने 248 किग्रा (स्नैच में 113 और क्लीन एंड जर्क में 135 किग्रा) का संयुक्त वजन उठाया। संकेत ने अपने दूसरे क्लीन एंड जर्क प्रयास में 141 किग्रा भार उठाते समय खुद को घायल कर लिया और बार उठाने में विफल रहे, जिसके कारण वह केवल 1 किलो भार से स्वर्ण जीतने से चूक गए।

मलेशिया के बिन अनीक ने स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। अनीक ने कुल 249 क्रिग्रा (स्नैच में 107 और क्लीन एंड जर्क में 142 किग्रा) का वजन उठाया।

श्रीलंका के दिलंका ईशुरू कुल 225 किग्रा (स्नैच -105 किग्रा और क्लीन एंड जर्क-120 किग्रा) के वजन के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *