राष्ट्रमंडल खेल : घाना के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करने को तैयार भारतीय पुरुष हॉकी टीम

बर्मिंघम, 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम रविवार, 31 जुलाई, 2022 को घाना के खिलाफ बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार है। दोनों टीमें पूल बी में हैं और जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत करना चाहेंगी। पूल बी में भारत और घाना के अलावा कनाडा, इंग्लैंड और वेल्स हैं।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 की तैयारी के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 27 जून, 2022 से 23 जुलाई, 2022 तक बेंगलुरु के साई केंद्र में एक राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण लिया। कप्तान, मनप्रीत सिंह और मुख्य कोच ग्राहम रीड के नेतृत्व में भारतीय टीम, शिविर के पूरा होने के बाद 24 जुलाई को ग्राहम बर्मिंघम पहुंची

मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, “यहाँ वास्तव में आश्चर्यजनक रूप से ठंड है। हर दिन, हम आश्चर्यचकित हो जाते हैं और सवाल करते रहते हैं कि क्या गर्मी जल्द ही आ रही है। अब हर कोई यहां के माहौल में ढ़ल गया है। हमने पिच के आदी होने, खेलने की स्थिति और खुद को परिवेश के अनुकूल बनाने पर ध्यान केंद्रित किया।”

1975 के पुरुष विश्व कप के बाद भारत पहली बार घाना के खिलाफ खेलेगा। पिछली बार जब दोनों टीमें आमने-सामने थीं, तब भारत ने यह मुकाबला 7-0 से जीता था। भारत 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों के पिछले संस्करण में पोडियम फिनिश से चूक गया था और चौथे स्थान पर रहा था। लेकिन इस बार भारतीय पुरुष हॉकी टीम एक स्पष्ट लक्ष्य को ध्यान में रखकर मैदान में उतरेगी।

टीम की तैयारियों पर बोलते हुए कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि वे किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगे।

मनप्रीत, जो रविवार को घाना के खिलाफ अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे, ने कहा, “इस बार राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हमारा दर्शन ‘ज़ूम आउट और ज़ूम इन’ करना है। हमारे प्रशिक्षकों ने हमें ज़ूम आउट करने और कल्पना करने के लिए कहा है कि हमें क्या हासिल करना है। पहली चीज जो हमें करनी है वह यह है कि किसी भी टीम को कम करके नहीं आंकना है।”

उन्होंने कहा, “दूसरा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम मैच दर मैच अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और अपने गेम प्लान पर ध्यान दें। हम रविवार को घाना के खिलाफ उसी मानसिकता का पालन करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *