Om Birla:भारत और मोजाम्बिक के बीच घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंध: लोक सभा अध्यक्ष

-द्रौपदी मुर्मू का भारत की राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचन महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदमः बायस

नई दिल्ली 27 जुलाई (हि.स.)। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि मोजाम्बिक के संसदीय शिष्टमंडल की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच संसदीय सहयोग के नए युग का आरंभ हुआ है। उन्होंने भविष्य में दोनों संसदों के बीच और अधिक घनिष्ठ संबंध विकसित करने की आशा व्यक्त की। उन्होंने इस अवसर पर वर्ष 2023-24 के कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सीट हेतु चुनावों में मोजाम्बिक की सफलता पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई दी।

लोकसभा अध्यक्ष ने संसद भवन परिसर में मोजाम्बिक गणराज्य की असेंबली की स्पीकर एस्पेरंका लॉरिन्डा फ्रांसिस्को नाहीवने बायस के साथ बैठक की। भारतीय संसद के निमंत्रण पर मोजाम्बिक गणराज्य की असेंबली का एक संसदीय शिष्टमंडल तीन दिवसीय भारत दौरे पर है।

इस अवसर पर शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए बिरला ने बायस को भारत के नए राष्ट्रपति के निर्वाचन एवं शपथ ग्रहण के तुरंत बाद संसद आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आगे कहा कि बायस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय विशिष्टजनों में से एक होंगी।

भारत और मोजाम्बिक के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों के सन्दर्भ में बिरला ने कहा कि दोनों देशों के बीच नियमित रूप से उच्च स्तरीय दौरे होते रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मोज़ाम्बिक भारत के लिए एक रणनीतिक साझेदार और घनिष्ठ व्यापारिक सहयोगी है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पिछले वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा भारतीय कंपनियों ने मोजाम्बिक के एलएनजी और खनन क्षेत्रों में भारी निवेश किया है। मार्च 2019 में मोजाम्बिक में आए चक्रवात इडाई के बाद भारत की तत्पर सहायता दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण सम्बन्धों का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए भारत द्वारा मोजाम्बिक को वैक्सीन के साथ-साथ मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट आदि सामग्रियों के रूप में भी सहायता का उल्लेख किया। बिरला ने मोज़ाम्बिक में भारतीय प्रवासियों की मोजाम्बिक के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक भूमिका की सराहना की।

द्रौपदी मुर्मू का भारत की राष्ट्रपति के रूप में चुनाव का जिक्र करते हुए बायस ने कहा कि भारत महिला सशक्तिकरण में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। मोजाम्बिक में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के समर्थन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का निरंतर समर्थन शांति बनाए रखने में मोजाम्बिक की मदद कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के नेताओं के नियमित दौरों से देशों और संसदों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।

ओम बिरला और बायस ने एक सहयोग ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य समानता, लाभों की पारस्परिकता और पारस्परिक सम्मान के सिद्धांतों के आधार पर भारत और मोजाम्बिक की संसदों के बीच संबंधों को विकसित करना है, और संसदीय हित के मामलों पर एक दूसरे से परामर्श करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *