2023 विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने त्रिपुरा में भाजपा की मैराथन बैठक

अगरतला, 26 जुलाई : भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी रणनीति निर्धारित करने के लिए त्रिपुरा में काम शुरू कर दिया है। आज प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक शुरू हो गई है। पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव संगठन बीएल संतोष की अध्यक्षता में आज दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक शुरू हो हुई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कल बैठक की समाप्ति के बाद किसी बड़े ऐलान का इंतजार है। हालांकि, कई नए दिशानिर्देश सामने आए हैं। सूत्रों का दावा है कि बीजेपी प्रदेश कमेटी उन दिशानिर्देश का पालन करते हुए तैयारियां शुरू करेगी।

त्रिपुरा मे विधानसभा चुनाव को कुछ ही महीने दूर हैं। कई उतार-चढ़ाव के बीच बीजेपी गठबंधन सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। सफलता और असफलता को मिलाकर लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की दिशा में ये गठबंधन सरकार कितनी आगे बढ़ी है, इसका हिसाब-किताब शुरू हो गया है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आज से संगठनात्मक बैठक शुरू हुई। उस बैठक में पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव संगठन के अलावा प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, प्रदेश प्रभारी सांसद विनोद सोनकर, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लप कुमार देव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर खास चर्चा हुई। कल बैठक के बाद अंतिम घोषणा किए जाने की संभावना है। हालांकि, सूत्र का दावा है कि इसकी घोषणा दिल्ली से की जाएगी।

बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, त्रिपुरा में पार्टी की मौजूदा स्थिति का विस्तृत विश्लेषण किया गया है। विभिन्न मोर्चों ने अपने-अपने क्षेत्रों को परिभाषित किया है। बैठक में उन मुद्दों पर भी चर्चा की गई जो 2023 के विधानसभा चुनावों की रणनीति निर्धारित करने में अहम होंगे। सूत्रों का दावा है कि कल कैबिनेट सदस्यों के साथ अलग से बैठक होगी। उस बैठक में पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव संगठन बीएल संतोष को सरकारी कार्यों में सफलता का पूरा रिकॉर्ड पता चलेगा। हालांकि, फिलहाल गठबंधन सहयोगी दल आईपीएफटी के साथ बैठक की संभावना नहीं है। लेकिन, आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की रणनीति पर आज चर्चा हुई है, सूत्रों ने दावा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *