द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ, राजघाट पहुंच बापू को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (सोमवार) शपथ ग्रहण करेंगी। शपथ ग्रहण समारोह सोमवार पूर्वाह्न करीब 10ः15 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। वह देश की 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगी। द्रौपदी मुर्मू ने आज सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

द्रौपदी मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की शख्सियत होंगी। प्रतिभा पाटिल के बाद मुर्मू देश की दूसरी महिला और प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। गृह मंत्रलय ने कहा है कि शपथ ग्रहण के बाद मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद उनका संबोधन होगा। समारोह शुरू होने से पहले सेवानिवृत्त हो रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित द्रौपदी मुर्मू संसद पहुंचेंगी।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख अधिकारी समारोह में मौजूद रहेंगे। आज सुबह नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को शपथ लेने वाली देश की 10वीं राष्ट्रपति होंगी। छठवें राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने 25 जुलाई, 1977 को शपथ ली थी। तब से ज्ञानी जैल सिंह, आर वेंकटरमण, शंकर दयाल शर्मा, केआर नारायणन, एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल, प्रणब मुखर्जी और रामनाथ कोविन्द ने इसी तारीख को पद की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *