Arjun Munda:नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा देश का जनजातीय समाजः अर्जुन मुंडा

नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को कहा कि हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि एक आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू भारत के राष्ट्रपति पद पर आसीन होने जा रही हैं। देश का समस्त आदिवासी समाज आज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के लंबे कालखंड के बाद भारत का जनजातीय समाज नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है।

भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा एसटी मोर्चा के अध्यक्ष समीर ओरांव और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ हीना गावित ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेनलन को संबोधित किया। मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की दूरदर्शी सोच के साथ देश लगातार नये और ऐतिहासिक फैसले ले रहा है। आजादी के लंबे कालखंड के बाद भारत का जनजातीय समाज नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। यदि हम आजादी के अमृत महोत्सव के इस वर्ष को देखें तो यह हम सभी देशवासियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के लिए ऐतिहासिक लक्ष्य और उपलब्धि को प्राप्त करने की एक नई यात्रा प्रारंभ हुई है। आज एक आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति पद पर आसीन होने जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ पिछले 8 वर्षों में जनजातीय परिपेक्ष में कई विकासात्मक कार्य हुए हैं। ये समस्त जनजातीय समाज को उत्साहित करने वाला है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपनी आहुति देने वाले भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय आदरणीय के नेतृत्व में भारत सरकार ने लिया है।

मुंडा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से मोदी सरकार के फैसलों के माध्यम से आदिवासी समाज के लोगों तक विकासात्मक कार्यक्रमों को पहुंचाया गया है। विशेषकर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक प्रावधान के आधार पर कई कार्यक्रम लोगों तक पहुंचाए गए हैं।

राष्ट्रपति पद पर द्रौपदी मुर्मू की जीत के लिए मुंडा ने प्रधानमंत्री मोदी, नड्डा और राजग के सहयोगी दलों का आभार व्यक्त किया।

भाजपा एसटी मोर्चा के अध्यक्ष समीर ओरांव ने कहा कि देश में पहली बार एक ऐतिहासिक क्षण आया है, पहली बार ऐसा निर्णय लिया गया और निर्णय के बाद हमारे देश के जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च स्थान पर पदस्थापित हुई हैं।

भाजपा प्रवक्ता डॉ हीना गावित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब वर्ष 2014 में शपथ ली थी तो उन्होंने पहला वाक्य कहा था कि मेरी सरकार गरीब, शोषित, वंचित, पीड़ित, आदिवासियों और दलितों के लिए समर्पित है। यह केवल उन्होंने कहा ही नहीं बल्कि करके भी दिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *