Arif Mohammad Khan:केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने ठाकुर बांकेबिहारी के किए दर्शन

मथुरा, 20 जुलाई (हि.स.)। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए। इस दौरान वे भारतीय परिधान धोती-कुर्ता में नजर आए। दर्शन के बाद राज्यपाल खान ने कहा कि धर्म की दीवार खड़े करने वालों को कोई संदेश जुबानी नहीं दिया जा सकता, आचरण से दिया जाता है। मेरा आचरण ही मेरा संदेश है।

दरअसल, कानपुर के भक्तों ने बुधवार को भगवान बांके बिहारी का फूल बंगला सजाया। कानपुर की प्रभा सभा के भक्त मंडल के बनवाए गए फूल बंगले में शामिल होने के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अलावा कानपुर की मेयर प्रमिला पांडे भी पहुंचीं। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कानपुर की मेयर प्रमिला पांडे के अलावा कानपुर के भक्तों ने पहले ठाकुर बांकेबिहारी महाराज का देहरी पूजन किया। कानपुर के भक्तों के साथ राज्यपाल ने विधि-विधान से वैदिक मंत्रोचारण के मध्य हुई पूजा में सहभागिता की। करीब आधा घंटे तक चली पूजा अर्चना के बाद राज्यपाल ने मंदिर में बैठकर कुछ देर समय व्यतीत किया। कारीगरों द्वारा की गई कारीगरी की उन्होंने तारीफ की।

राज्यपाल खान ने बताया कि कानपुर से वह चुनाव लड़ते रहे हैं वहां के लोगों से पुराना संबंध है। आयोजकों ने फूल बंगला सजाया और उन्हें आमंत्रित किया था। खान ने कहा कि उनके मित्र की ओर से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में फूल बंगला सजाया गया है। इसी कार्यक्रम में आया हूं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा है।

राज्यपाल खान ने पीएफआई के वायरल डॉक्यूमेंट में इस्लामिक कंट्री बनाने के सवाल पर कहा कि इसमें क्या नई बात है। किसी को बुखार जब तेज होता है तो वह बक-बक करता है। किसी को बक-बक करने में कोई पाबंदी थोड़े है। आजाद देश है। इन लोगों को जितना ज्यादा अटेंशन दोगे उतना उनकी मदद करोगे। इनको इग्नोर करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *