राष्ट्रपति चुनाव : वोटिंग के लिये आदिवासी परिधान में विधानसभा पहुंचे भाजपा विधायक

कोलकाता, 18 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग के लिये पश्चिम बंगाल विधानसभा में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के कई विधायक एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मूु के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिये विशेष आदिवासी परिधान में नजर आये।

बंगाल विधानसभा में सुबह 10:00 बजे से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के सभी विधायक और सांसद सुबह के समय ही सदन में पहुंच गए और वोटिंग के लिए लंबी कतार लग गई। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के विधायक भी बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचे। भाजपा विधायक एक दिन पहले ही कोलकाता पहुंच गए थे और यहां एक होटल में उन्हें ठहराया गया था। उनके लिए होटल में ही मॉक पोलिंग की व्यवस्था की गई थी।

सोमवार सुबह बस में सवार होकर भाजपा विधायक विधानसभा के लिए रवाना हुए। इस दौरान भाजपा के कई विधायकों ने पारंपरिक आदिवासी परिधान पहन रखा था। बंगाल विधानसभा में ममता कैबिनेट के मंत्री और विधायक फिरहाद हकीम ने कहा कि यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे हैं और पार्टी के प्रस्ताव पर ही वे विपक्ष के उम्मीदवार बनाए गए हैं। यह आदर्श की लड़ाई हैं और तृणमूल के सारे विधायक और सांसद निश्चित तौर पर यशवंत सिन्हा को ही वोट करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के भी कई विधायक क्रॉस वोटिंग कर सिन्हा को वोट देंगे।

हालांकि भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने दावा किया कि क्रॉस वोटिंग तो होगी लेकिन भाजपा से विपक्षी उम्मीदवार के लिए नहीं बल्कि द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में तृणमूल के सांसद और विधायक क्रास वोटिंग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *