Election:हिमाचल में राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुआ शत-प्रतिशत मतदान

शिमला, 18 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को हिमाचल विधानसभा में शत-प्रतिशत वोटिंग हुई। सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने के कुछ समय बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपना मत डाला। भाजपा के सभी मंत्रियों और विधायकों ने मतदान में हिस्सा लिया।

कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह और पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में मतदान किया। माकपा विधायक राकेश सिंघा और दो निर्दलीय विधायकों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर 12 बजे तक सभी ने वोट डाल दिया। प्रदेश में 68 विधायकों और एक सांसद राष्ट्रपति चुनाव के लिए मत डाला। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधानसभा के पुस्तकालय कक्ष में विशेष मतदान केंद्र बनाया गया था। शाम 5 बजे के बाद मतपेटियों को सील कर दिल्ली भेज दिया गया।

मतदान के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एनडीए ने एक आदिवासी महिला को अपना उम्मीदवार बनाया है तथा उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह भारी मतों से राष्ट्रपति का चुनाव जीतेंगी। क्रॉस वोटिंग के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया बिल्कुल गुप्त रहती है तथा ऐसे में सभी ने अंतरात्मा से वोट किया होगा।

दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की जीत का दावा किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस राष्ट्रपति चुनाव के लिए एकजुट है। कांग्रेस के सभी विधायकों ने एकजुट होकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया है।

प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 43 और कांग्रेस के 22 जबकि माकपा का एक विधायक व दो निर्दलीय हैं। राष्ट्रपति चुनाव में प्रदेश के एक विधायक के मत का मूल्य 51 और सांसद का 708 है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतों की मतगणना 21 जुलाई को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *