Chess Tournament:युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने जीता पैरासिन ओपन ‘ए’ शतरंज टूर्नामेंट का खिताब

पैरासिन (सर्बिया), 17 जुलाई (हि.स.)। युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने शनिवार को यहां पैरासिन ओपन ‘ए’ शतरंज टूर्नामेंट-2022 का खिताब जीत लिया है। उन्होंने नौ राउंड में आठ अंक हासिल किए।

टूर्नामेंट में 16 वर्षीय प्रज्ञानानंद अजेय रहे। रूस के एलेक्जेंडर प्रेडके ने कजाकिस्तान के अलीशर सुलेमेनोव और भारत के एएल मुथैया को पछाड़ते हुए 7.5 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। सुलेमेनोव और मुथैया ने सामान सात अंक बनाए, लेकिन सुलेमेनोव ने बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय जीएम अर्जुन कल्याण (6.5 अंक) सातवें स्थान पर रहे।

ओलंपियाड के लिए जाने वाले प्रज्ञानानंद शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने प्रेडके के खिलाफ सातवें राउंड में ड्रॉ होने से पहले अपने पहले छह गेम जीते। बाद में उन्होंने हमवतन और साथी जीएम अर्जुन कल्याण को आठवें दौर में हराया और नौवें और अंतिम दौर में अलीशर सुलेमेनोव के खिलाफ ड्रॉ खेला।

प्रज्ञानानंद ने साथी भारतीय महिला ग्रैंडमास्टर श्रीजा शेषाद्री, लचेजर योर्डानोव (बुल्गारिया), काजीबेक नोगेरबेक (कजाकिस्तान), हमवतन कौस्तव चटर्जी, आर्यस्तानबेक उराजेव (कजाकिस्तान) पर भी जीत दर्ज की।

चेन्नई के पास 28 जुलाई से होने वाले 44वें शतरंज ओलंपियाड में प्रज्ञानानंद मजबूत भारत ‘बी’ टीम का हिस्सा होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *