ISSF World Cup:आईएसएसएफ विश्व कप: अंजुम मोदगिल ने जीता कांस्य, पुरुष निशानेबाजों ने जमाया रजत पदक पर कब्जा

चांगवोन, 17 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण कोरिया के चांगवोन में खेले जा रहे आईएसएसएफ विश्व कप चांगवोन-2022 में भारतीय निशानेबाजों का जलवा कायम है। विश्व कप में रविवार को भारतीय महिला निशानेबाज अंजुम मोदगिल ने कांस्य पदक, जबकि पुरुष निशानेबाजों की तिकड़ी चैन सिंह, संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रजत पदक अपने नाम किया है।

अंजुम मोदगिल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (3पी) स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस स्पर्धा में जर्मनी की अन्ना जेनसन ने स्वर्ण पदक और बारबरा गैमबारो ने रजत पदक जीता।

दूसरी तरफ पुरुष निशानेबाजों की तिकड़ी चैन सिंह, संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (3पी) टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। स्वर्ण पदक मुकाबले में भारतीय टीम का सामना चेक गणराज्य की मजबूत टीम से था। भारतीय निशानेबाजों ने चेक गणराज्य की टीम को कड़ी चुनौती दी, लेकिन वह स्वर्ण पदक अपने नाम नहीं कर सकी। चेक गणराज्य टीम के पेत्र निमबर्स्की, फिलिप नेपेचाल और जिरी परिव्रास्की ने पहले स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। भारतीय टीम को दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

आईएसएसएफ विश्व कप में भारत अभी तक चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल 11 पदक हासिल करके पदक तालिका में शीर्ष पर चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *