Ahamdabad:गुजरात पहुंचीं राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू

गांधीनगर/अहमदाबाद, 17 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी नीत राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचीं हैं। मुर्मू यहां भाजपा व राजग विधायकों के साथ बैठक कर अपने समर्थन में वोट करने की अपील करेंगी।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए होने वाने मतदान से एक दिन पहले राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे पर उतरीं। मुर्मू का यहां गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पटेल के साथ भाजपा गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, राज्य के महामंत्री रजनी पटेल, भार्गव भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष गोरधन जडफिया, राज्यमंत्री राजेंद्र त्रिवेदी, हर्ष सांघवी, प्रदीप परमार, जगदीश पांचाल, दंडक पंकज देसाई और अन्य भाजपा विधायक मौजूद रहे। द्रौपदी मुर्मू यहां राजग के सभी विधायकों के साथ बैठक करेंगी। वे एनडीए उम्मीदवार के रूप में अपने पक्ष में वोट करने के लिए विधायकों से अनुरोध करेंगी।

सोमवार 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए गुजरात विधानसभा सचिवालय के चौथे तल पर विशेष मतदान की व्यवस्था की गई है। इससे पूर्व रविवार को एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी विधायकों को मतदान करने के तरीके को बताया गया है। मतगणना 21 जुलाई को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *