ICAR:आईसीएआर ने 5,800 बीज-किस्मों को जारी कर रचा इतिहास : तोमर

नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने अपने स्थापना काल वर्ष 1929 में से लेकर आज तक लगभग 5,800 बीज-किस्में जारी कर चुका है। वहीं इनमें से लगभग दो हजार किस्में तो वर्ष 2014 से अभी तक 08 वर्षों में ही जारी की गई है।

तोमर ने शनिवार को आईसीएआर के 94वां स्थापना दिवस समारोह-2022 को संबोधित करते हुए कहा कि आज जलवायु परिवर्तन की स्थिति आ रही है। ऐसे में वैज्ञानिकों की सबसे बड़ी चिंता का विषय यही है। इस दिशा में रोडमैप बनाकर आगे बढ़ना, देश को परिणाम देना है ताकि भारत के कृषि उत्पादों के निर्यात की भी और अच्छी स्थिति बन सके।

तोमर ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और कृषि ऐसा क्षेत्र है जिसमें निरंतर काम करने की जरूरत है, नित-नई चुनौतियों का समाधान करने की जरूरत है। वर्तमान में चुनौती पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ तकनीक का इस्तेमाल करते हुए आगे बढ़ने की भी है।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री परषोत्तम रूपाला, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, नीति आयोग के सदस्य डॉ. रमेश चंद और आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्र ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *