बजरंग पुनिया को राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए मिला बर्मिंघम का वीजा

नई दिल्ली, 9 जुलाई (हि.स.)। भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया को राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए बर्मिंघम की यात्रा करने के लिए अपना वीजा मिल गया है।

राष्ट्रमंडल खेलों से पहले प्रशिक्षण के लिए अमेरिका जाने वाले बजरंग ने इस महीने की शुरुआत में अपना यूएस वीजा प्राप्त कर लिया था, लेकिन उनके यूके वीजा का इंतजार था, जिसके कारण वह अमेरिका में अपने प्रशिक्षण के लिए नहीं जा सके।

खेल मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय के माध्यम से, बजरंग के लिए यूके वीज़ा प्राप्त करने के लिए ब्रिटिश उच्चायोग के संपर्क किया था, जो अब प्राप्त हो गया है। कई अवसरों पर, विदेश मंत्रालय ने राष्ट्रमंडल खेलों से पहले प्रतियोगिता और प्रशिक्षण के लिए विदेश यात्रा करने वाले एथलीटों के वीजा की सुविधा के लिए खेल मंत्रालय की लगातार मदद की है।

बजरंग के साथ-साथ पहलवान दीपक पुनिया भी इस वीकेंड भारत से रवाना होंगे। वे 30 जुलाई तक मिशिगन विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण लेंगे, जिसके बाद दोनों बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रवाना होंगे।

केंद्रीय खेल मंत्रालय की लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (TOPS) ने एक्सपोजर ट्रिप की सुविधा प्रदान की है। संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रशिक्षण कार्यकाल राष्ट्रमंडल खेलों और आगामी प्रमुख प्रतियोगिताओं जैसे कुश्ती विश्व चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए सहायक होगा, जो सितंबर में बेलग्रेड में होने वाला है।

बता दें कि टोक्यो 2020 ओलंपिक के बाद विभिन्न खेलों में कुल 111 विदेशी प्रतियोगिताओं को युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *