Manmohan Singh:पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आबे के निधन पर जताया दुख

नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सिंह ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि आबे के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।

मनमोहन ने एक संदेश जारी कर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की दुखद हत्या के बारे में जानकर वे बहुत दुखी और स्तब्ध हैं। वह एक अच्छे दोस्त थे। प्रधान मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान हमने दोनों देशों के संबंधों को एक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करने का काम किया। हमारे प्रयासों ने भारत-जापान संबंधों को गुणात्मक रूप से नए स्तर पर पहुंचा दिया। वे शिंजो आबे के परिवार के सदस्यों और जापान के लोगों को इस दुखद घड़ी में अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी आबे के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सोनिया गांधी ने कहा कि कई वर्षों तक जापान के पूर्व पीएम आबे भारत के मित्र एवं शुभचिंतक रहे। उन्होंने दोनों देश के संबंधों को मजबूत करने के लिए अहम् भूमिका निभाई है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। राहुल ने कहा कि भारत और जापान के बीच सामरिक संबंधों को मजबूत करने में आबे की अहम् भूमिका रही है। राहुल ने कहा कि वह आबे के परिवार और जापान के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।

उल्लेखनीय है कि जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे पर आज जापान के नारा शहर में जानलेवा हमला हुआ था। आबे पर उस समय हमला हुआ था जब वह एक सभा को संबोधित कर रहे थे। हमलावर को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया था और आबे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान आबे का निधन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *