एचडीएफसी बैंक ने एमसीएलआर में 0.20 फीसदी का किया इजाफा
-एमसीएलआर आधारित ब्याज दर में इजाफे से कर्ज होगा और महंगा
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने अपने ग्राहकों को जोरदार झटका दिया है। बैंक ने अलग-अलग विभिन्न अवधि के कोष की सीमांत लागत आधारित उधार दरों में (एमसीएलआर) 0.20 फीसदी का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद बैंक से लोन लेना और महंगा हो जाएगा। एचडीएफसी बैंक की नई दरें गुरुवार 7 जुलाई, 2022 से लागू हो गई है।
एचडीएफसी बैंक के मुताबिक एक दिन की अवधि वाले एमसीएलआर की ब्याज दर बढ़कर 7.70 फीसदी हो जाएगी, जो पहले 7.50 फीसदी थी। एक महीने की अवधि के लिए एमसीएलआर की ब्याज दर बढ़कर 7.75 फीसदी हो जाएगी। इसी तरह 3 महीने की अवधि वाले एमसीएलआर की ब्याज दर 7.80 फीसदी और 6 महीने की अवधि वाले एमसीएलआर की ब्याज दर 7.90 फीसदी हो जाएगी। एक साल की अवधि वाले एमसीएलआर की ब्याज दर बढ़ाकर 8.05 फीसदी हो गई है, जो पहले 7.85 फीसदी थी। इसके अलावा 3 साल की अवधि के लिए एमसीएलआर की ब्याज दर 8.25 फीसदी होगी।
उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के रेपो रेट में इजाफा करने के बाद कई बैंकों ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर लोन महंगा कर दिया है। दरअसल, मई के बाद यह तीसरा मौका है, जब एचडीएफसी बैंक ने कर्ज पर ब्याज दर बढ़ाई है। इस तरह बैंक कुल मिलाकर एमसीएलआर ब्याज दर में 0.80 फीसदी तक इजाफा कर चुका है। ऐसे में एमसीएलआर में बढ़ोतरी से पर्सनल लोन, ऑटो और होम लोन महंगा हो सकता है।
