Mahua Moitra:दिल्ली भाजपा ने महुआ मोइत्रा और लीना मणिमेकलाई के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। हिंदुओं की आस्था का प्रतीक मां काली की विवादित तस्वीर फिल्म मेकर लीना द्वारा ट्वीट किए जाने और उस तस्वीर पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के द्वारा दिए गए विवादित बयान के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

इस बीच दिल्ली बीजेपी की प्रदेश इकाई ने संसद मार्ग पर स्थित पुलिस स्टेशन में महुआ मोइत्रा और लीना समेत तमाम उन लोगों के खिलाफ लिखित तौर पर शिकायत दी है। जिन लोगों ने इस तस्वीर को ट्वीट करके ना सिर्फ समर्थन किया है बल्कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का काम किया है। बीजेपी ने धारा 295 505(2), 509 153b 120 b के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं नई जिले की डीसीपी अमरुथा गुगुलोथ ने बताया कि अभी कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश भर में इन दिनों टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के द्वारा मां काली को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। टीएमसी सांसद द्वारा दिए गए बयान को लेकर पूरे देश भर में ना सिर्फ निंदा हो रही है बल्कि एफ आई आर दर्ज होना भी शुरू हो चुकी है। इस बीच दिल्ली बीजेपी की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष राजन तिवारी,प्रवक्ता हरीश खुराना, मीडिया सह प्रभारी हरिहर रघुवंशी ने संसद मार्ग थाने स्तिथ डीसीपी ऑफिस में शिकायत दी है।

लिखित तौर पर शिकायत देने के बाद बीजेपी के प्रवक्ता हरीश खुराना ने मीडिया से बातचीत की। उन्होने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कई लोग जिसमें पब्लिक रिप्रेजेंटेटिव शामिल है। जिसमें महुआ मोइत्रा जैसे टीएमसी के सांसद का नाम भी शामिल है यह लोग देश का माहौल खराब कर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।