राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का आज से शुरू होगा पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा

गुवाहाटी, 05 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा नामित राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू मंगलवार से पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा कर अपना प्रचार शुरू करेंगी। मुर्मू पूर्वोत्तर के अपने दौरे की शुरुआत त्रिपुरा से करेंगी।

त्रिपुरा के बाद वे रात साढ़े 8 बजे असम की राजधानी गुवाहाटी के बोरझार स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी। जहां असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका समेत अन्य नेता उनका स्वागत करेंगे।

पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे के तहत मुर्मू मंगलवार दोपहर अगरतला के एक होटल में त्रिपुरा के विधायकों और सांसदों से मुलाकात कर समर्थन मांगेंगी। इसके अलावा वे विपक्षी विधायकों से भी बात करने और उनसे वोट मांगने की कोशिश करेंगी।

द्रौपदी मुर्मू के यात्रा कार्यक्रम का निर्णय रविवार को हैदराबाद में भाजपा की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा के अखिल भारतीय प्रवक्ता संबित पात्रा और पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों, संगठन महामंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में लिया गया। वह बिहार से विशेष विमान से अगरतला पहुंचेंगी। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना निर्धारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *