त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. साहा का राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा, 8 जुलाई को लेंगे विधायक पद की शपथ

अगरतला, 4 जुलाई (हि.स.)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने आज राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यसभा के चेयरमैन एम वेंकैया नायडू को अपना इस्तीफा सौंपा। 8 जुलाई को वे विधायक पद की शपथ लेंगे।

हाल ही में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से बिप्लब कुमार देव के इस्तीफे के बाद डॉ. माणिक साहा नए मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 8-टाउन बारादवाली विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव जीता है।

सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. साहा ने लिखा, ‘मैंने आज दिल्ली में राज्यसभा के चेयरमैन और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।’ डॉ. साहा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी महासचिव बी.एल संतोष और पार्टी सहयोगियों व त्रिपुरा के विधायकों का उन्हें त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का अवसर देने के लिए आभार व्यक्त किया है। सूत्रों ने बताया कि डॉ. साहा आज दिल्ली से लौटेंगे।

त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष रतन चक्रबर्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा 8 जुलाई दोपहर 12 बजे विधायक के रूप मे शपथ लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *