Diego Mauricio:आईएसएल : ओडिशा एफसी में वापस लौटे डिएगो मौरिसियो

भुवनेश्वर, 3 जुलाई (हि.स.)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 सीज़न से पहले पूर्व फॉरवर्ड डिएगो मौरिसियो एक साल के करार पर ओडिशा एफसी में लौट आए हैं।

ब्राजील के स्ट्राइकर मौरिसियो ने आईएसएल 2020-21 में ओडिशा एफसी के लिए खेला था, जब उन्होंने क्लब के लिए 20 मैच खेले और 12 गोल किए, इसके अलावा उन्होंने दो गोल करने में सहायता भी की थी।

इसके बाद मौरिसियो इस साल जनवरी में मुंबई सिटी एफसी में शामिल हुए और आइलैंडर्स के लिए आईएसएल में तीन गोल किया।

31 वर्षीय ने मुंबई सिटी एफसी के एएफसी चैंपियंस लीग अभियान में दो गोल किया। मुंबई सिटी एफसी के साथ एक संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली स्पेल के बाद, मौरिसियो अब अपने आक्रमण की अगुवाई करने के लिए ओडिशा एफसी में वापस आ गए हैं।

ओडिशा एफसी के मुख्य कोच जोसेप गोम्बाऊ ने एक बयान में कहा, “मैं उनका (डिएगो) वापस ओडिशा में स्वागत करके बहुत खुश हूं। वह एक ऐसा खिलाड़ी है जिसने ओडिशा एफसी और मुंबई सिटी एफसी के लिए गोल कर भारत में अपनी गुणवत्ता पहले ही साबित कर दी है।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि डिएगो हमारी टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। मैं उसे नए सत्र के लिए शुभकामनाएं देता हूं और मुझे यकीन है कि डिएगो हमारी टीम में स्कोरिंग प्लेयर होंगे।”

कार्लोस डेलगाडो और ओसामा मलिक के बाद मौरिसियो क्लब से जुड़ने वाले तीसरे विदेशी खिलाड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *