Eknath Shinde:शिंदे समूह के बागी विधायक 11 दिन बाद मुंबई पहुंचे, संयुक्त बैठक में बनी आगे की रणनीति

होटल ताज में भाजपा विधायकों और शिंदे समूह के विधायकों की हुई संयुक्त बैठक

विशेष अधिवेशन में स्पीकर पद के चुनाव और विश्वासमत जीतने पर किया मंथन

मुंबई, 2 जुलाई (हि.स.)। एकनाथ शिंदे समूह के बागी विधायक 11 दिन बाद शनिवार देर शाम मुंबई पहुंच गए हैं। इन सभी विधायकों को मुंबई एयरपोर्ट से पुलिस की कड़ी सुरक्षा में होटल में पहुंचाया गया। होटल में भाजपा विधायकों के साथ शिंदे समूह के विधायकों की संयुक्त बैठक हुई और दो दिवसीय विशेष अधिवेशन की रणनीति तय की गई।

इस बैठक में भाजपा तथा शिंदे समूह के विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव तथा उसके बाद होने वाले विश्वासमत प्रस्ताव के दौरान एक साथ मतदान करने की रणनीति बनाई गई है। बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनके पास भाजपा के 120 से अधिक विधायक तथा उनके 50 विधायक हैं, इसलिए विश्वासमत प्रस्ताव जीतना सिर्फ औपचारिकता है। उनका प्रयास महाराष्ट्र में जनाभिमुख सरकार देने का है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुभव से वे राज्य में एक अच्छी सरकार देने का प्रयास करेंगे।

उल्लेखनीय है कि शिंदे समूह के सभी विधायक 20 जून को विधानपरिषद का चुनाव होने के बाद रातोरात पार्टी से बगावत कर सूरत रवाना हो गए थे। गुवाहाटी से सभी विधायकों को गोवा लाया गया था। राज्य में बागी गुट के विधायक एकनाथ शिंदे की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शनिवार को इन सभी विधायकों को मुंबई लाया गया है। मुंबई एयरपोर्ट पर इन विधायकों का स्वागत भाजपा नेता प्रसाद लाड ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *