Pm Modi: चार जुलाई को आंध्र प्रदेश और गुजरात का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री

आंध्र प्रदेश के भीमावरम में स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

-गांधीनगर में डिजिटल इंडिया सप्ताह 2022 का करेंगे उद्धाटन

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 04 जुलाई को आंध्र प्रदेश के भीमावरम और गुजरात के गांधीनगर का दौरा करेंगे। वह भीमावरम में महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती समारोह का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वह गांधीनगर में डिजिटल इंडिया सप्ताह 2022 का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 04 जुलाई को हैदराबाद से विशेष उड़ान से गन्नावरम पहुंचेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से पश्चिम गोदावरी जिले में भीमावरम जाएंगे। वह पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 12 बजे तक अल्लूरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मोदी भीमावरम पार्क में 30 फूट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री वाई एस जगन रेड्डी, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी एवं अन्य गणमान्य लोग इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। तत्पश्चात प्रधानमंत्री गुजरात के गांधीनगर रवाना हो जाएंगे। जहां वह डिजिटल इंडिया सप्ताह 2022 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान देशभर के कई टेक स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया पहल के लाभार्थी इसमें ऑनलाइन हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि डिजिटल इंडिया कार्यक्रम भारत को डिजिटली सशक्त समाज और ज्ञान अर्थव्यवस्था में बदलने की दृष्टि से भारत सरकार द्वारा कार्यान्वित एक प्रमुख कार्यक्रम है। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम परिवर्तनकारी यह सुनिश्चित करता है कि सरकारी सेवाएं इलेक्ट्रॉनिक रूप से नागरिकों के लिए उपलब्ध हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *