सिलचर के बाढ़ प्रभावितों के लिए त्रिपुरा ने भेजी राहत सामग्री

अगरतला, 30 जून (हि.स.)। असम के सिलचर में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावितों की मदद के लिए पड़ोसी राज्य त्रिपुरा साथ में खड़ा है। राजधानी अगरतला से आज करीब 16 टन राहत सामग्री सिलचर के लिए रवाना की गई है। राहत सामग्री ले जानी वाला ट्रक शनिवार को सिलचर पहुंचेगा। कछार जिला के एडीसी पंकज डेका राहत सामग्री को प्राप्त करेंगे। राहत सामग्री त्रिपुरा सिविल सर्विस ऑफिसर्स एसोसिएशन की पहल पर भेजी गई है। यह बात संगठन के सचिव एवं एसडीएम अशीम साहा ने शुक्रवार को बतायी।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सिलचर में बाढ़ से लोगों को भीषण आपदा का सामना करना पड़ा है। खाने-पीने की सामग्री की भारी किल्लत हो रही है। पड़ोसी राज्य के नाते उनके साथ खड़ा होना हमारा नैतिक कर्तव्य है। दोनों राज्यों के बीच आपसी रिश्तों को और मजबूत करने के उद्देश्य से बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े होने का फैसला किया गया है।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा सिविल सर्विस ऑफिसर्स एसोसिएशन ने आज सिलचर में बाढ़ पीड़ितों के लिए करीब 10 लाख रुपये की राहत सामग्री भेजी है। मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने राहत ट्रक को उज्जवंत पैलेस के सामने से सिलचर के लिए रवाना किया है।

एसडीएम ने बताया कि 100 क्विंटल चावल, 20 क्विंटल दाल और दूध, बिस्किट, केक व चीरा और गुड़ समेत बच्चों के खाने की चीजें भेजी गई हैं। धर्मनगर से हमारे संगठन के कार्यकर्ता और प्रशासन के अधिकारी राहत सामग्री लेकर जाएंगे। राहत सामग्री त्रिपुरा द्वारा कछार जिला के एडीसी पंकज डेका को सौंपी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि राहत सामग्री कल सिलचर पहुंच जाएगी।

गौरतलब है कि धर्मनगर एवं कंचनपुर अनुमंडल केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को सिलचर को राहत सामग्री भेजी थी। उत्तरी त्रिपुरा जिला के विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों ने भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *