Fadnavis:भाजपा अध्यक्ष से चर्चा के बाद उपमुख्यमंत्री पद के लिए फडणवीस राजीः शाह

नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस उपमुख्यमंत्री होंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात के बाद फडनवीस उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए राजी हो गए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, “भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के कहने पर देवेन्द्र फडणवीस ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा व सेवाभाव का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्होंने हृदय से बधाई देता हूँ।”

वहीं, नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस जी को बधाई। आज ये सिद्ध हो गया कि भाजपा के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश नरेंद्र मोदी एवं देवेंद्र फडणवीस को मिला था। उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे जी का समर्थन करने का निर्णय किया। देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़े मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है। भाजपा ने ये निर्णय लेकर एक बार फिर साबित कर दिया है कि कोई पद पाना हमारा उद्देश्य नहीं है अपितु नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र की जनता की सेवा करना हमारा परम लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *